रायपुर। एक्सिओम-4 मिशन में पायलट की भूमिका निभा चुके और अशोक चक्र से सम्मानित अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला मंगलवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। उन्होंने नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में आयोजित ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने कहा कि मिशन के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है और यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि आज अंतरिक्ष शिक्षा केंद्र का शुभारंभ किया गया है, जो बच्चों को विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति उत्साहित करेगा। उनका कहना था कि इससे बच्चों के साथ-साथ पूरे देश को भी लाभ मिलेगा।
शुभांशु ने बताया कि मध्यभारत क्षेत्र में स्पेस शिक्षा की काफी कमी है और यह बेहद जरूरी है कि बच्चों तक इस क्षेत्र की सही जानकारी पहुंचे। जब बच्चों को इस विषय में सही जानकारी होगी, तभी वे अपने करियर का सही विकल्प चुन पाएंगे। उन्होंने कहा कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए क्या पढ़ाई करनी है और किस दिशा में मेहनत करनी है, यह जानकारी बच्चों तक पहुंचाना बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से सवाल-जवाब किया। बच्चों ने उनके अनुभव सुनकर प्रेरणा ली और विज्ञान में करियर बनाने के प्रति अपनी जिज्ञासा व्यक्त की।
‘अंतरिक्ष संगवारी’ पहल से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना बढ़ेगी, जिससे छत्तीसगढ़ से भविष्य में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नए प्रतिभाशाली युवा सामने आएंगे।









