स्कूल भवन को लेकर बवाल, निरीक्षण पर पहुंचे 6 अधिकारी बनाए गए बंधक

बलौदाबाजार। पलारी ब्लॉक के ग्राम तमोरी में नए स्कूल भवन की मांग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आक्रोशित ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने निरीक्षण के लिए पहुंचे जिला पंचायत और जनपद पंचायत के 6 अधिकारियों व कर्मचारियों को बंधक बना लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि अधिकारियों को उसी जर्जर स्कूल भवन में बंद किया गया, जिसे प्रशासन पहले ही ‘खतरनाक’ घोषित कर चुका है।

जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि बंजारे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसआईआर (SIR) की सुनवाई के लिए पहुंचे दल को घेर लिया। इस दल में जनपद पंचायत अधिकारी एमके कुजुर, सहायक अभियंता गुलशन कुमार गायकवाड़, दो शिक्षक और एक रोजगार सहायक शामिल थे। ग्रामीणों ने सभी अधिकारियों को स्कूल भवन के अंदर कर बाहर से ताला लगा दिया और करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा।

बताया जा रहा है कि जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे द्वारा पहले ही स्कूल के वर्तमान भवन को बेहद कमजोर और कभी भी गिरने योग्य बताते हुए उपयोग न करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद नए भवन के निर्माण को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा तय नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन केवल पुराने भवन को तोड़ने के आदेश देता है, लेकिन बच्चों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और नए स्कूल भवन के निर्माण को लेकर गंभीर नहीं है। इसी नाराजगी के चलते यह विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। मामले की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए।