छत्तीसगढ़ के गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में एक अनोखी और चर्चित शादी देखने को मिली, जहां अमेरिका की युवती कायला भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए छत्तीसगढ़ की बहू बन गई। यह विवाह क्षेत्र में खास चर्चा का विषय बना हुआ है।
पेंड्रा निवासी अंकित साहू, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, अमेरिका में नौकरी के दौरान कायला से मिले थे। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया। दोनों की सहमति से शादी छत्तीसगढ़ में, भारतीय परंपराओं के अनुसार करने का फैसला लिया गया।
अमरकंटक में रचाया विवाह
दिनांक 5 फरवरी को यह विवाह अमरकंटक स्थित नर्मदा आनंदम रिसॉर्ट में पूरे भारतीय रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। शादी में शामिल होने के लिए अमेरिका से करीब डेढ़ दर्जन मेहमान अमरकंटक पहुंचे, जिन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अनुभव कराया गया। कपल ने सभी मेहमानों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया।
काम के दौरान हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, अंकित साहू पेंड्रा निवासी रमेश साहू (होटल व्यवसायी) के पुत्र हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए वे अमेरिका के मिलवोकी गए थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने वहां एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम शुरू किया।
इसी दौरान उनकी मुलाकात कायला से हुई, जो अमेरिका की एक कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में पार्ट्स डिजाइन का कार्य करती हैं। दोनों की दोस्ती गहरी हुई और उन्होंने जीवनभर साथ निभाने का फैसला लिया।
संस्कृति और रिश्तों का संगम
अंकित और कायला का यह विवाह संस्कृति, परंपरा और आपसी विश्वास का सुंदर उदाहरण बन गया है। विदेशी धरती पर शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब छत्तीसगढ़ की मिट्टी में बंधन में बदल गई, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।








