आरंग। आरंग–खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंतीबाई लोधी (पति मंगलू लोधी) अपने रिश्तेदारों के साथ आरंग में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उनकी मां राजकुमारी लोधी के साथ बाइक से अपने गांव लौट रही थीं।
इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे धान से लदे ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
मौके पर महिला की मौत, इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
हादसे में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक नंदकिशोर लोधी और उनकी मां राजकुमारी लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान नंदकिशोर लोधी ने दम तोड़ दिया, वहीं उनकी मां राजकुमारी लोधी की हालत गंभीर बनी हुई है।
नशे में धुत ट्रक चालक गिरफ्तार
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने तत्परता दिखाते हुए स्वयं ट्रक का पीछा किया। पुलिस ने नवापारा–राजिम मार्ग पर ग्राम चरौदा के पास घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।
जांच के दौरान पाया गया कि ट्रक चालक अत्यधिक शराब के नशे में था। आरंग पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।









