मॉस्को/उफा। रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में स्थित एक स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से किए गए हमले में कम से कम चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास ने शनिवार रात (7 फरवरी 2026) को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुष्टि की है।
भारतीय दूतावास ने की पुष्टि, इलाज जारी
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उफा में हुई इस घटना में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं और उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास ने कहा कि वह रूस के स्थानीय प्रशासन के निरंतर संपर्क में है।
दूतावास के अनुसार, कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को हर संभव सहायता प्रदान की जा सके और स्थिति पर नजर रखी जा सके।
छात्रावास में घुसकर किया हमला
मीडिया रिपोर्ट्स और भारतीय मिशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूस के गृह मंत्रालय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चाकू से लैस एक किशोर उफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। हमले में कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस कार्रवाई में दो जवान घायल, हमलावर ने खुद को भी किया घायल
RTVI डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क ने बताया कि आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी चाकू से घायल हो गए। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।
एक घायल की हालत गंभीर
रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में घायल चार लोगों का इलाज जारी है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन अन्य की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है।
15 वर्षीय किशोर बताया जा रहा है आरोपी
‘बाज़ा’ टेलीग्राम चैनल के अनुसार, हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना मॉस्को से लगभग 1200 किलोमीटर दूर स्थित उफा शहर में हुई, जहां मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
प्रतिबंधित संगठन से संबंध की जांच
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरोपी का संबंध एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से हो सकता है और हमले के दौरान वह राष्ट्रवादी नारे भी लगा रहा था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
सुरक्षा बढ़ाई गई, दूतावास अलर्ट
घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि रूस में रह रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।









