दर्दनाक सड़क हादसा: गाय से टकराई बाइक, ट्रक के पहिए के नीचे आने से युवक की मौत, CCTV में कैद घटना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठा दूसरा युवक बाल-बाल बच गया। यह हादसा पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के उमदा रोड पर दोपहर करीब 3 बजे हुआ। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मृतक की पहचान सुरडुंग निवासी 25 वर्षीय निलेश कुर्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निलेश अपने दोस्त भीमा उमदा के साथ बाइक से शराब भट्टी से शराब पीकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक गाय आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गई।

टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। उसी समय बगल से गुजर रहे एक ट्रक के पिछले पहिए के नीचे निलेश कुर्रे आ गया। ट्रक का पहिया सिर के ऊपर से गुजरने से निलेश का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे दूसरे युवक भीमा उमदा को हल्की चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गाय से टकराने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरते हैं और कुछ ही सेकेंड में युवक ट्रक की चपेट में आ जाता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं सड़क पर आवारा मवेशियों की वजह से हो रहे हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।