रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे प्रशासन ने गोंदिया स्टेशन पर डिस्मेंटलिंग और वॉशेबल एप्रन को बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित करने के कार्य के चलते 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 7 ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त या नियंत्रित किया जाएगा। यह व्यवस्था 5 अप्रैल 2026 से 27 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर मंडल के अंतर्गत गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर-05 (प्लेटफॉर्म-3) पर स्थित वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में बदला जाएगा। इस कार्य के कारण गोंदिया स्टेशन की UP मेन लाइन पर करीब 20 दिनों तक रेल यातायात बंद रहेगा, जिससे कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
इन 14 ट्रेनों को किया गया रद्द
शालीमार–एलटीटी, एलटीटी–शालीमार, कोरबा–अमृतसर, अमृतसर–बिलासपुर, हजरत निजामुद्दीन–रायगढ़, रायगढ़–हजरत निजामुद्दीन, विशाखापत्तनम–हजरत निजामुद्दीन सहित कई एक्सप्रेस और मेमू/डेमू पैसेंजर ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है। इसके अलावा बल्लारशाह–गोंदिया और गोंदिया–कटंगी जैसी लोकल सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
7 ट्रेनें गंतव्य से पहले होंगी नियंत्रित
बरौनी–गोंदिया और गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस को दुर्ग स्टेशन में नियंत्रित किया जाएगा, वहीं कुछ पैसेंजर ट्रेनें हिरदामाली स्टेशन तक ही संचालित होंगी और आगे का सफर रद्द रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। ट्रैक कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन पुनः सामान्य कर दिया जाएगा।








