अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही अंबिकापुर से सीधे दिल्ली तक हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक मार्च के आखिरी सप्ताह से एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू करेगी।
यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। विमान अंबिकापुर से उड़ान भरकर बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगा। यात्रियों के लिए किराया लगभग 4500 से 6000 रुपए के बीच रहने की संभावना है।
72 सीटर ATR विमान से होगा संचालन
एयरलाइन की ओर से 72 सीटर ATR विमान से उड़ान संचालित की जाएगी। वर्तमान में एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन सेवा दे रही है और अब इस रूट का विस्तार अंबिकापुर तक किया जा रहा है।
एयरपोर्ट का पहले हो चुका निरीक्षण
करीब दो वर्ष पहले एयरलाइन के अधिकारियों ने **मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया था, जिसके बाद यहां से नियमित उड़ान शुरू करने की तैयारी तेज हो गई थी।
पहले भी शुरू हुई थी हवाई सेवा
बता दें कि दिसंबर 2024 में अंबिकापुर एयरपोर्ट से हवाई सेवा की शुरुआत हो चुकी थी। उस समय **फ्लाई बिग कंपनी ने रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी। हालांकि अनियमित संचालन के कारण यह सेवा करीब छह महीने बाद बंद हो गई थी और पिछले छह महीने से पूरी तरह ठप है।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
नई उड़ान सेवा शुरू होने से सरगुजा संभाग के लोगों को राजधानी दिल्ली तक सीधे हवाई संपर्क मिलेगा। इससे व्यापार, पर्यटन और आवागमन की सुविधा में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।







