सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बच्चा चोरी के शक में एक ऑटो चालक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी उसकी पिटाई की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
छात्रा को जबरदस्ती ऑटो में बैठाने की कोशिश का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के परशुराम मंदिर के पास एक ऑटो चालक पर बच्चा चोरी का शक जताते हुए स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक एक छात्रा को जबरदस्ती अपने ऑटो में बैठाने की कोशिश कर रहा था, जबकि छात्रा ऑटो में बैठना नहीं चाहती थी।
बताया जा रहा है कि छात्रा के विरोध करने पर आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ कि ऑटो चालक बच्चा चोरी की कोशिश कर रहा है। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी।
भीड़ जुटते ही पेड़ से बांधकर की पिटाई
जैसे ही आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, वहां भीड़ जुट गई। भीड़ ने ऑटो चालक को पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी आरोपी को मारा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ऑटो चालक से पूछताछ की जा रही है।








