Friday, March 13, 2026

नेवसा गांव में घटिया सीसी रोड से लोग परेशान, बिजली व्यवस्था भी ठप

कोरबा। जिले के ग्राम नेवसा में हाल ही में बनाए गए सीसी रोड की खराब गुणवत्ता से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक माह पहले ही सीसी रोड का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के कुछ ही दिनों में कई जगह से उखड़ने लगी है, जिससे आवागमन में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीसी रोड का निर्माण तय मापदंड के अनुरूप नहीं किया गया है, रोड की जितनी मोटाई होने चाहिए थी उतनी है नहीं, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं गांव में बिजली की समस्या भी बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बैटरी चालित बिजली पोल लगाए गए हैं, लेकिन उसकी बैटरी पंचायत भवन में रखी हुई है, जिससे बिजली व्यवस्था सही तरीके से नहीं चल पा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 4 से 5 महीनों से बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन इस ओर पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।

इन सभी समस्याओं से क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता भी उजागर हो रही है।