मथुरा। Droupadi Murmu ने अपने उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान शुक्रवार सुबह वृंदावन स्थित आश्रम में Premanand Maharaj से मुलाकात की। बारिश के बीच सुबह करीब 7 बजे राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने संत को हाथ जोड़कर प्रणाम किया।
संत प्रेमानंद महाराज ने “राधे-राधे” कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान आश्रम के संतों ने राष्ट्रपति का माला और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। राष्ट्रपति ने संत को उनके 56वें जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं, जो 19 मार्च को मनाया गया था।
करीब 25 मिनट तक चली इस मुलाकात में दोनों के बीच आध्यात्मिक चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान राष्ट्रपति भाव-विभोर नजर आईं। चर्चा के समय कुटिया में केवल राष्ट्रपति, उनके परिजन और संत के करीबी शिष्य ही मौजूद थे।
राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम और नातिनें आद्याश्री व नित्याश्री भी मौजूद रहीं। आश्रम में उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
यह राष्ट्रपति का मथुरा का दूसरा दौरा है। इससे पहले वे 25 सितंबर 2025 को यहां आई थीं, जब उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए थे।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति Uttar Pradesh के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने Ayodhya में रामलला के दर्शन किए थे। वहीं, आज संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद वे नीब करौरी बाबा आश्रम और रामकृष्ण मिशन अस्पताल का दौरा करेंगी, जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन भी करेंगी।







