Wednesday, April 8, 2026

कोरबा में दर्दनाक हादसा: स्कूल की छत से गिरकर युवक की मौत, शादी से लौटे थे दोनों भाई

कोरबा: जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक युवक की स्कूल की छत से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तनिष्क कर्ष (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने बड़े भाई के साथ स्कूल की छत पर सो रहा था।

छत पर सोते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, तनिष्क अपने बड़े भाई अविनाश कर्ष के साथ तरदा स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल की तीन मंजिला छत पर सोया हुआ था। देर रात अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

भाई की चीख सुन पहुंचे ग्रामीण

हादसे के बाद बड़े भाई अविनाश की रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी से लौटने के बाद सोने गए थे छत पर

मृतक के भाई अविनाश ने बताया कि वे दोनों तरदा गांव के निवासी हैं और स्कूल में चौकीदारी का काम करते हैं। सोमवार को दोनों भाई चैनपुर गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। देर रात लौटने के बाद वे स्कूल की छत पर सोने चले गए।

अविनाश के अनुसार, वह मोबाइल पर बात कर रहा था जबकि तनिष्क उसके पास सो रहा था। इसी दौरान अचानक गिरने की आवाज आई। जब उसने देखा तो उसका भाई नीचे गिर चुका था। वह तुरंत नीचे भागा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।