कोरबा। “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व की चोरी की घटनाओं में भी शामिल थे।
मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपियों ने सूने मकानों को निशाना बनाकर नगदी, चावल, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी किया था। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है। नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया, जबकि दूसरे आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के उपाय अपनाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।









