Wednesday, April 15, 2026

कोरबा में रफ्तार का कहर: 407 वाहन की टक्कर से एसईसीएल माइनिंग सरदार की मौत, चालक गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एसईसीएल के माइनिंग सरदार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के सुराकछार में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि आशुतोष कुमार सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर तेज रफ्तार और बेकाबू 407 वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल आशुतोष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेटाडोर 407 वाहन के चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

इस दुखद घटना की खबर मिलते ही एसईसीएल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों और परिचितों ने आशुतोष कुमार सिंह के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।