Thursday, April 16, 2026

कोरबा: कोसगई माता मंदिर के पास भीषण आग, कार समेत झालर जलकर खाक

कोरबा। 14 अप्रैल की शाम कोसगईगढ़ पहाड़ी स्थित कोसगई माता मंदिर के पास भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक कार और मंदिर के पास लगी अस्थाई दुकानें (झालर) पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में पास के खेत में लगी आग तेज हवा के कारण फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंच गई। सबसे पहले आग ने झालरों को अपनी चपेट में लिया, जहां पूजा सामग्री, चुनरी और सजावटी सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह जल गया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पास खड़ी एक कार भी जलकर खाक हो गई। बताया जा रहा है कि कार एक श्रद्धालु परिवार की थी, जो दर्शन के लिए पहाड़ी पर गया हुआ था।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना के घंटों बाद तक दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस घटना में जंगल के एक हिस्से और मंदिर समिति को भी नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।