कोरबा — जिले के सर्वमंगलवा नगर स्थित बरमपुर बस्ती के एक तालाब में शुक्रवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जब पानी में शव तैरता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
बिलासपुर निवासी युवक की हुई पहचान
मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी केशव यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुसमुंडा क्षेत्र की एक निजी खदान कंपनी में कार्यरत था।
गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
घटना कुसमुंडा थाना अंतर्गत सर्वमंगला चौकी क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी वैभव तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।







