सूरजपुर — छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव में चोरी के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसका सिर मुंडवाकर जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया।
सोलर तार चोरी के शक में दी ‘सजा’
जानकारी के अनुसार, युवक पर गांव में लगे सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का आरोप लगाया गया था। इसी आरोप के आधार पर गांव के कुछ लोगों ने उसे पंचायत के नाम पर बुलाया और वहां पकड़ लिया।
पत्नी के सामने अपमान, दोनों से मारपीट
पीड़ित युवक को उसकी पत्नी के सामने अर्धनग्न कर घुमाया गया। इस दौरान उसके साथ जमकर मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई और उसे दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी दी गई।
वीडियो वायरल, पुलिस हरकत में
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद युवक के पिता ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस जांच शुरू, आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने के साथ ही ग्रामीण स्तर पर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की गंभीर प्रवृत्ति को उजागर करती है।









