अंबिकापुर। अंबिकापुर में पुलिस टीम के साथ एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांजा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस की सरकारी गाड़ी ही चोर लेकर फरार हो गया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए कुछ ही देर में गाड़ी बरामद कर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली पुलिस को सत्तीपारा इलाके में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को वहीं छोड़कर आसपास तलाशी में जुट गई।
इसी दौरान हड़बड़ी में बोलेरो वाहन में चाबी लगी रह गई। मौके का फायदा उठाते हुए शातिर चोर मुकेश नामदेव वहां पहुंचा और छत से कूदकर सीधे गाड़ी में बैठ गया और फरार हो गया। जब तक पुलिस को इसकी भनक लगी, तब तक गाड़ी गायब हो चुकी थी।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब पता चला कि डीएसपी का मोबाइल फोन भी गाड़ी में ही रह गया है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की और उसी आधार पर पीछा करते हुए राम मंदिर इलाके तक पहुंच गई।
राम मंदिर के पास पुलिस ने बोलेरो को बरामद कर लिया और आसपास दबिश देकर आरोपी मुकेश नामदेव को गिरफ्तार कर लिया।
इस अनोखी घटना की पूरे पुलिस विभाग में चर्चा हो रही है। हालांकि, समय रहते गाड़ी और आरोपी की बरामदगी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।









