राजनांदगांव। आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाना पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपए के सट्टा रैकेट का खुलासा किया है। शिकारीपारा क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने आरोपी श्याम यादव (30) को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य सरगना फरार बताया जा रहा है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहा है। मौके पर घेराबंदी कर उसे रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके पास से दो मोबाइल और 2500 रुपए नगद बरामद किए गए।
जांच में मोबाइल से मिले डिजिटल लेनदेन के आधार पर करीब 2 करोड़ रुपए के सट्टे का नेटवर्क सामने आया। हर गेंद और ओवर पर दांव लगाए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी से जुड़े बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है।
मामले में मुख्य आरोपी राकेश कुमार उमरे (निवासी समता कॉलोनी पनेका) फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन सट्टा और अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर देने को कहा है।







