Sunday, May 3, 2026

1.5 करोड़ की LPG चोरी: पेट्रोकेमिकल्स कंपनी का मालिक फरार

महासमुंद पुलिस ने जांच में 1.5 करोड़ का LPG गैस चोरी पकड़ी है। - Dainik Bhaskarमहासमुंद। छत्तीसगढ़ के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में 90 मीट्रिक टन LPG गैस की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स कंपनी के मालिक संतोष सिंह ठाकुर और डायरेक्टर साकिन ठाकुर पर करीब 1.5 करोड़ रुपए की गैस निकालकर बेचने का आरोप है। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में पुलिस ने 6 गैस कैप्सूल ट्रक जब्त किए थे, जिनमें 90 मीट्रिक टन LPG भरी थी। थाने में सुरक्षा की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर इन ट्रकों को सुरक्षित रखने के लिए ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स कंपनी को सौंपा गया था।

आरोप है कि कंपनी संचालकों ने सुनियोजित तरीके से गैस को घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों में भरकर बेच दिया और बाद में गैस लीक होने की झूठी सूचना दी। जांच के दौरान पूरा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कंपनी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी संतोष ठाकुर और डायरेक्टर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।