रायपुर। राजधानी के मोवा इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नशे में धुत एक बाउंसर ने अपनी दो सालियों को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, वहीं आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी विवाद के बाद उसकी पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी।
रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच जितेंद्र लाइसेंसी पिस्टल लेकर ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। इस दौरान उसकी साली गीतांजलि (26) और दुर्गेश्वरी (24) बाहर आईं और उसे समझाने की कोशिश की। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी और तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि बाहर निकलकर सड़क पर हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद वह सीधे थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने गोली और खाली कारतूस बरामद किए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को ही घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।









