कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित डिज्नीलैंड मेले में एक बार फिर अव्यवस्था और लापरवाही सामने आई है। यहां झूले में बैठने को लेकर हुए विवाद में मेले के कर्मचारियों ने पति-पत्नी और उनके एक साथी के साथ जमकर मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेला मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी अपने एक साथी के साथ मेले में घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान झूले के टिकट को लेकर कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कर्मचारियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई की।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर डिज्नीलैंड मेला मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला संचालक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि डिज्नीलैंड मेले में यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले भी यहां संदिग्ध परिस्थितियों में तीन लोगों की मौत और झूला गिरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद प्रशासन सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।







