Saturday, May 9, 2026

कुसमुंडा में दर्दनाक सड़क हादसा’ ट्रेलर के नीचे आने से SECL कर्मी की मौत

कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में SECL कर्मी की मौत हो गई। हादसा भुट्टा चौक के पास हुआ, जहां सड़क पर बने बड़े गड्ढे एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठने लगे।

जानकारी के मुताबिक, बांकी मोगरा निवासी दुखीराम अपनी बाइक से इमली छापर चौक से कुसमुंडा खदान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भुट्टा चौक के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही बगल से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ट्रेलर रुकवाया। काफी मशक्कत के बाद घायल कर्मी को बाहर निकाला गया। ट्रेलर संघ के अध्यक्ष जीतू महंत और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कुसमुंडा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुसमुंडा क्षेत्र की जर्जर सड़कें लगातार हादसों को न्योता दे रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे। लोगों ने सड़क मरम्मत और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।