नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET UG 2026 को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के गंभीर आरोप सामने आने के बाद यह बड़ा निर्णय लिया गया है। मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।
जानकारी के अनुसार, NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा संपन्न होने के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी प्रश्नपत्र वायरल होने के दावे किए जाने लगे, जिससे मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
बढ़ते विवाद और छात्र संगठनों व अभिभावकों के विरोध को देखते हुए केंद्र सरकार ने परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने अपने बयान में कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NEET UG 2026 परीक्षा को निरस्त किया गया है और निष्पक्ष जांच के लिए मामला CBI को सौंप दिया गया है।
एनटीए ने यह भी आश्वासन दिया है कि नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी, ताकि छात्रों की तैयारी और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो।
गौरतलब है कि NEET परीक्षा देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है, जिसमें हर साल लाखों छात्र शामिल होते हैं। परीक्षा रद्द होने के बाद अब छात्रों और अभिभावकों में असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त कदम और दोषियों पर कठोर कार्रवाई जरूरी है। वहीं छात्र संगठन लगातार निष्पक्ष जांच और मजबूत परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।









