छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब साढ़े सात किलो सोने की ज्वेलरी जब्त की है। बरामद सोने की कीमत 9 करोड़ 17 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन वर्टस कार को रोककर तलाशी ली। जांच में कार की पिछली सीट के नीचे बने सीक्रेट चेंबर से दो पीठू बैग मिले, जिनमें छह प्लास्टिक बॉक्स में भारी मात्रा में सोने के जेवर रखे थे। कार में सवार गुजरात के राजकोट निवासी तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं अंबिकापुर में भी पुलिस ने एक कार से 95 किलो से अधिक पुरानी चांदी की पायल और 760 पुराने मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में पश्चिम बंगाल के पांच युवकों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।







