Tuesday, June 2, 2026

कोरबा: आंधी-तूफान में बस स्टैंड पर गिरा विशाल बरगद का पेड़, महिला घायल

रेस्क्यू करते हुए दिखे लोगकोरबा। जिले के कूदमुरा बस स्टैंड में रविवार शाम तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। हादसे में एक महिला पेड़ के नीचे दब गई। ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की तत्परता से महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे कूदमुरा क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते बस स्टैंड परिसर में वर्षों पुराना विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर धराशायी हो गया। उस समय बस स्टैंड पर कई लोग मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अधिकांश लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पेड़ के नीचे दब गई महिला

हादसे के दौरान चचिया निवासी राजकुमारी पेड़ की चपेट में आ गईं और उसकी भारी शाखाओं के नीचे दब गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और उन्हें बचाने का प्रयास किया।

पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही कूदमुरा सरपंच प्रतिनिधि महेश राठिया, वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और पेड़ की भारी शाखाओं को हटाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

डायल-112 से अस्पताल पहुंचाया गया

रेस्क्यू के बाद घायल महिला को डायल-112 की सहायता से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के हाथ-पैर में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

जर्जर पेड़ों की जांच की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वे कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बस स्टैंड, स्कूल, अस्पताल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऐसे पेड़ आंधी-तूफान के दौरान लोगों की जान के लिए खतरा बन सकते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समय रहते कदम उठाना जरूरी है।