Monday, June 8, 2026

Cg News: पत्नी के सामने डूबने से हुई पति की मौत

मरवाही. जिले के पिपरिया गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ. पत्नी के सामने ही उसके पति की कुएं में डूबकर मौत हो गई. मृतक की पहचान 38 साल के हेमलाल टांडिया के रूप में हुई. मदद की गुहार से मौक पर पहुंचे ग्रामीणों नेा किसी तरह हेमलाल को बाहर निकाला. परिजन ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामला गौरेला थाना इलाके का है. जानकारी के अनुसार, पिपरिया निवासी हेमलाल टांडिया (उम्र 38 वर्ष) बीती रात पास के ही गांव वेंकट नगर से लौटा था. वह रात्रि भोजन के बाद कुएं के पास गया हुआ था. हाथ-पैर धोने के लिए कुएं से पानी खींच रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा. रात के सन्नाटे में हेमलाल ने जोर-जोर से आवाज लगाकर अपनी पत्नी को मदद के लिए बुलाया. उसकी पत्नी दौड़कर कुएं के पास पहुंची, जिसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास से अन्य ग्रामीण भी मौक पर पहुंच गए. जान बचाने के लिए संघर्ष करते हुए वह डूबने लगा. ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया. लगभग एक घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद दो ग्रामीण कुएं में उतरे और हेमलाल को बाहर निकाला. परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हेमलाल को मृत घोषित कर दिया.