Wednesday, June 10, 2026

कोंडागांव में CAF जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को मारी गोली, मौत से मचा हड़कंप

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सीएएफ (CAF) कैंप में तैनात एक जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक जवान की पहचान जोगेंद्र नेताम के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, जोगेंद्र नेताम फरसगांव इलाके के उरंदाबेड़ा थाना अंतर्गत स्थित सीएएफ कैंप में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान ही उसने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल जोगेंद्र नेताम को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही उरंदाबेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, इस गंभीर घटना की जानकारी मिलते ही कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज चंद्रा भी तुरंत मर्च्युरी पहुंचे। उन्होंने मृत जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना की पूरी जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जवान जोगेंद्र नेताम ने निजी कारणों के चलते मानसिक तनाव में आकर यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

एसपी ने दिए बारीकी से जांच के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने उरंदाबेड़ा थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस पूरे मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जवान की मानसिक स्थिति, पारिवारिक पृष्ठभूमि और ड्यूटी से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जाए, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जवान के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने सुरक्षा बलों में भी चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।