रायपुर। रायपुर के बीरगांव स्थित रावाभाठा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार शिविर का विरोध करने कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल के बाहर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड के पास कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकते हुए स्थिति को संभाला। बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया।
इन मुद्दों को लेकर हुआ विरोध
कांग्रेस कार्यकर्ता महिलाओं को आवासीय पट्टा वितरण, 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और महतारी वंदन योजना की राशि से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
विधायक के काफिले को रोकने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान मोतीलाल साहू के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे, स्थानीय पार्षदों और अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रदर्शन हुआ। इस दौरान विधायक के काफिले को रोकने का भी प्रयास किया गया, हालांकि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर यातायात को सामान्य बनाए रखा।
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने कहा कि उनका प्रदर्शन पूर्व निर्धारित था और इसकी सूचना पहले ही प्रशासन को दे दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया गया।
वहीं, पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति सामान्य होने के बाद कार्यक्रम को आगे संचालित किया गया।








