नई दिल्ली। NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह फैसला परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। गौरतलब है कि NEET-UG की परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के कारण इसे रद्द कर दिया गया था। अब यह परीक्षा 21 जून को दोबारा कराई जाएगी।
■ 22 जून तक टेलीग्राम रहेगा बंद
सरकार के निर्देशानुसार, भारत में टेलीग्राम का एक्सेस 22 जून 2026 तक सीमित रहेगा। इस अवधि में परीक्षा का दिन और उसके तुरंत बाद का समय शामिल है। यानी परीक्षा पूरी होने तक अभ्यर्थी और अन्य यूजर्स टेलीग्राम का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
■ आईटी एक्ट के तहत जारी हुआ आदेश
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि यह निर्णय सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा लिया गया है। NTA ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि यह परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने में सहायक होगा।
■ मैसेज एडिटिंग फीचर पर भी रोक
प्रेस रिलीज के अनुसार, टेलीग्राम को भारत में ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर को भी 30 जून 2026 तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी का मानना है कि इस फीचर का उपयोग पहले कुछ मामलों में परीक्षा के बाद ‘पेपर लीक’ के फर्जी सबूत बनाने के लिए किया गया था।
■ चीटिंग रैकेट्स पर सख्ती
NTA ने स्पष्ट किया है कि यह कदम पब्लिक ऑर्डर बनाए रखने और अभ्यर्थियों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए उठाया गया है। एजेंसी के मुताबिक, कुछ संगठित गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर परीक्षा में गड़बड़ी करने की कोशिश कर रहे थे।
■ छात्रों के हित में लिया गया फैसला
NTA ने इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से 21 जून को होने वाली परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने में मदद मिलेगी। साथ ही छात्रों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।











