Tuesday, June 16, 2026

कोरबा में वन विभाग के कार्य में बाधा: तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला

कोरबा। जिले के कटघोरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजयपुर में वन विभाग के शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस मामले में विश्राम सिंह, महिपाल सिंह एवं भुवनपाल सिंह के खिलाफ थाना कटघोरा में मामला दर्ज किया गया है।

■ फेंसिंग कार्य के दौरान हुआ विवाद
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को कक्ष क्रमांक OA-783 में विभागीय फेंसिंग कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर कार्य में बाधा उत्पन्न की।

■ गाली-गलौच और धमकी देने का आरोप
बताया गया है कि आरोपियों ने विभागीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, लगाए गए फेंसिंग खम्भों को तोड़कर शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।

■ इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
वन विभाग की शिकायत पर थाना कटघोरा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296, 351(3) एवं 324 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

■ आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

■ वन विभाग ने दी चेतावनी
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग के कार्यों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।