Tuesday, September 22, 2026

दर्दनाक सड़क हादसा : स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद हवा में उछला बाइक सवार, CCTV वीडियो वायरल

कांकेर। कांकेर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां स्कॉर्पियो और बाइक की जबरदस्त टक्कर में बाइक सवार युवक हवा में उछल गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा शहर के वन विभाग के लकड़ी डिपो के पास हुआ। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो डिवाइडर के पास यू-टर्न ले रही थी। उसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक सीधे कार के बोनट से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर कार के दूसरी ओर जा गिरा। हादसे के बाद युवक उठने की कोशिश करता नजर आया, लेकिन गंभीर चोट और दर्द के चलते खड़ा नहीं हो सका।

बताया जा रहा है कि यह घटना 21 जून की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में कार चालक और बाइक सवार दोनों की लापरवाही सामने आई है।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।