नारायणपुर, 23 जून। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। भरेंडा थाना क्षेत्र के भरेंडा गांव में ईसाई धर्म मानने वाले 26 परिवारों ने आरोप लगाया है कि ग्रामीणों ने उन्हें गांव छोड़ने का फरमान सुनाकर घरों से बाहर निकाल दिया।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे गांव छोड़ना नहीं चाहते, लेकिन मजबूरी में गांव के बाहर पेड़ों की छांव में रहने को विवश हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि संबंधित परिवार मूल धर्म में लौट आते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 से गांव में माहौल तनावपूर्ण है। 9 जून 2026 को दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।









