कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चालक ट्रेलर की केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों ट्रेलर तेज गति से विपरीत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ने से दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कटर मशीन की मदद से ट्रेलर की केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृतक चालक की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










