Tuesday, June 30, 2026

धर्मांतरण को लेकर बढ़ा विवाद, धर्मांतरित परिवारों का सामान घर से बाहर निकाला; गांव में भारी पुलिस बल तैनात

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। भरण्डा गांव के बाद अब खड़का गांव में आदिवासी समुदाय और धर्मांतरित परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार, खड़का गांव में ईसाई धर्म अपनाने वाले दो परिवारों पर गांव छोड़ने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने उनके घरों से सामान बाहर निकाल दिया, जिससे गांव में तनाव फैल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि धर्मांतरित परिवारों को गांव के अन्य लोगों की तरह सामाजिक कार्यक्रमों में आर्थिक सहयोग (चंदा) देना चाहिए और आदिवासी देवी-देवताओं एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करना चाहिए। वहीं, प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे वर्ष में केवल एक बार चंदा देने को तैयार हैं, लेकिन आदिवासी धार्मिक परंपराओं का पालन नहीं करेंगे।

इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं और अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।