कोरबा। शहर के कलेक्टोरेट के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय के अंदर तैनात एक सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी निवासी आरा मशीन क्षेत्र के रूप में हुई है। वह रविवार रात नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर था। सोमवार सुबह जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की और फोन नहीं उठा, तो उसके पिता कार्यालय पहुंचे। वहां कार्यालय के अंदर विनोद का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जांच के लिए कुछ आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इन सामग्रियों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक ने यह कदम कब, कैसे और किन परिस्थितियों में उठाया, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।











