Monday, July 6, 2026

कोरबा में विधवा महिला ने लगाया झोपड़ी तोड़ने और प्रताड़ना का आरोप, एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम अमलडीहा में एक विधवा बुजुर्ग महिला ने गांव के एक दर्जन से अधिक लोगों पर जबरन झोपड़ी तोड़ने, गाली-गलौज करने, दुर्व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत कटघोरा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पीड़िता चंदन बाई के अनुसार, वह लंबे समय से अपनी नाबालिग बेटी के साथ ग्राम अमलडीहा में पैतृक शासकीय कब्जे की भूमि पर झोपड़ी बनाकर रह रही है। इसी भूमि पर खेती-किसानी कर वह अपना और अपनी बेटी का पालन-पोषण करती है।

महिला का आरोप है कि 29 जून 2026 को गांव के रमशीला पटेल, कीर्तिसाय पटेल, हीरादास महंत, पहारिन पटेल, परसहीन महंत, रमला बाई कंवर, अंजू पटेल, राम विलास पटेल, भैरोतलहीन, फोरबहिन, अनसुइया कंवर, सुकरिता यादव, फुलेश्वरी बाई, संताबाई पटेल और अमरीका साय सहित अन्य लोगों ने जबरन उसकी झोपड़ी तोड़ दी।

पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे बेघर कर दिया। घटना के बाद उसने कटघोरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

कटघोरा पुलिस का कहना है कि शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी शेष है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।