कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी डर नहीं रह गया है। कटघोरा थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित तहसील कार्यालय परिसर में चोरों ने एसडीएम कार्यालय और कृषि विभाग कार्यालय को निशाना बनाते हुए करीब पांच एसी के आउटडोर यूनिट चोरी कर लिए। इस घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले एसडीएम कार्यालय से दो एसी के आउटडोर यूनिट चोरी किए। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने पास ही स्थित कृषि विभाग कार्यालय से तीन और एसी के आउटडोर यूनिट उखाड़कर फरार हो गए।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस तहसील परिसर में चोरी हुई, वह कटघोरा थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। संवेदनशील सरकारी परिसर में लगातार चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर, क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को ही सिंघिया क्षेत्र में चोरों ने सेंध लगाकर एक बाड़े से 30 बकरियां चोरी कर लीं। एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।










