Thursday, July 9, 2026

‘मेरा बस चले तो पूरे विधानसभा क्षेत्र में शराबबंदी कर दूं’— भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते का बयान वायरल

मंच से BJP विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा – मेरा बस चले तो पूरे क्षेत्र को शराब मुक्त कर दूं… वीडियो वायरलसूरजपुर। प्रतापपुर विधानसभा से भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते का शराबबंदी को लेकर दिया गया बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यदि उनके अधिकार में होता तो वह पूरे विधानसभा क्षेत्र को शराब-मुक्त बना देतीं।

अपने संबोधन में शकुंतला पोर्ते ने कहा, “मेरा बस चले तो पूरे विधानसभा क्षेत्र में शराबबंदी कर दूं।” उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को जबरन शराब छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता, लेकिन समाज और परिवार के हित में लोगों को स्वयं आगे आकर नशे से दूरी बनानी चाहिए।

विधायक ने लोगों से शराब और अन्य नशे की आदतों को त्यागकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि एक व्यक्ति भी गलत रास्ते पर जाने से बचता है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशामुक्त समाज ही मजबूत और विकसित समाज की आधारशिला है। यदि लोग नशे से दूर रहेंगे तो क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। विधायक ने विधानसभा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया।

शकुंतला पोर्ते के इस बयान के वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर कई लोग उनके विचारों की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे राज्य की शराब नीति से जोड़कर भी देख रहे हैं।