कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी चौकी के पंप हाउस मोहल्ले में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में धारदार हथियार और लाठी-डंडों के इस्तेमाल का आरोप है। मारपीट में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।
घायल हरीश राव ने आरोप लगाया कि रात करीब 10 बजे 50 से 60 युवक कई वाहनों में सवार होकर मोहल्ले पहुंचे और हमला कर दिया। उनका कहना है कि हमलावरों ने घरों में घुसकर महिलाओं से मारपीट की, पथराव किया और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। उन्होंने पुलिस को कई आरोपियों के नाम भी बताए हैं।
घायल श्वेता दास ने भी आरोप लगाया कि हथियारबंद युवकों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सीएसईबी चौकी पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










