Sunday, July 12, 2026

रील बनाने के चक्कर में महिला ने जोखिम में डाली जान, सर्किट हाउस की छत पर VIDEO वायरल

रील बनाने के लिए जान से खिलवाड़: चित्रकोट सर्किट हाउस के छत पर चढ़ी महिला, वीडियो हुआ वायरलजगदलपुर। बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की सनक का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए सर्किट हाउस की छत पर चढ़कर रील बनाई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सर्किट हाउस की छत पर बनाया वीडियो

जानकारी के अनुसार, जिस सर्किट हाउस की छत पर महिला ने रील बनाई, वहां अक्सर सरकारी अधिकारियों और वीआईपी मेहमानों का आना-जाना रहता है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी रहती है, लेकिन इसके बावजूद महिला छत तक पहुंच गई और वहां डांस करते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो

महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सर्किट हाउस की छत से बनाए गए कई वीडियो साझा किए हैं। एक वीडियो में वह छत पर डांस करती नजर आ रही है, जबकि दूसरे वीडियो में उसके साथ कुछ अन्य युवक भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि महिला और उसके साथ मौजूद लोगों को सर्किट हाउस की छत तक पहुंचने की अनुमति किसने दी। यदि रील बनाते समय महिला का पैर फिसल जाता और कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि जांच में सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है।