Monday, July 13, 2026

कोरबा: ट्रैक्टर स्टार्ट होते ही चपेट में आया ढाई साल का मासूम, दर्दनाक मौत

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा नीलगिरी बस्ती में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम की मौत हो गई। निर्माण कार्य के लिए खड़े ट्रैक्टर पर खेल रहे दो सगे भाइयों में बड़े भाई ने चाबी घुमाकर ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया, जिससे छोटा भाई उसकी चपेट में आ गया।

घटना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान स्थल की है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक ईंटें उतारने में व्यस्त था और ट्रैक्टर में चाबी लगी छोड़ दी थी। इसी दौरान दोनों बच्चे ट्रैक्टर पर चढ़ गए। ट्रैक्टर स्टार्ट होते ही ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ पहिये की चपेट में आ गया।

गंभीर रूप से घायल मासूम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रैक्टर जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लापरवाही के पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।