Monday, July 27, 2026

Korba Crime News: बिजली पोल के नीचे मिला हमाल का शव, पोस्टमार्टम में मिले सुरागों से हत्या या आत्महत्या की जांच तेज

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब उलझ गया है। मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के डीपरापारा में 40 वर्षीय लवकुश साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती तौर पर इसे करंट लगने या आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम से पहले मिले अहम सुरागों के बाद पुलिस ने हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है।

11 केवी बिजली पोल के नीचे मिला था शव

जानकारी के अनुसार, लवकुश साहू हमाली का काम करता था और अपनी पत्नी बिंदा साहू व बच्चों के साथ डीपरापारा में रहता था। शनिवार शाम करीब 25 जुलाई को वह घर से बाहर निकला था। कुछ देर बाद घर के पास स्थित 11 केवी विद्युत पोल के नीचे उसका शव मिला।

घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया।

अंडरगारमेंट से मिला मोबाइल और संदिग्ध पर्ची

पोस्टमार्टम से पहले पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस को मृतक के अंडरगारमेंट्स के नीचे से एक की-पैड मोबाइल और एक कागज का टुकड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, पर्ची में कुछ नाम लिखे हुए थे और उसमें जान से मारने की धमकी व हत्या के प्रयास जैसी बातें दर्ज थीं।

पर्ची में “लुकवा” नाम का भी उल्लेख मिला है। अब पुलिस इस पर्ची की सत्यता और उसमें लिखे नामों की जांच कर रही है।

सिर पर मिले चोट के निशान से बढ़ा शक

पुलिस के अनुसार, लवकुश के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। यही वजह है कि अब इस मौत को केवल करंट लगने या आत्महत्या का मामला नहीं माना जा रहा है। पुलिस हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।