कोरबा। जिले के रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान श्यामनगर बस्ती निवासी राजकुमार खैवार (45 वर्ष) के रूप में हुई है। पिता को डूबता देख बेटे ने नदी में छलांग लगाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
जाल लेकर मछली पकड़ने गए थे राजकुमार
जानकारी के मुताबिक, राजकुमार खैवार पेशे से कारपेंटर थे। बुधवार 27 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे वह जाल लेकर पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई।
इसके बाद उनका बेटा संदीप खैवार पिता की तलाश में नदी की ओर पहुंचा।
पिता को डूबता देख बेटे ने लगाई छलांग
नदी के पास पहुंचने पर संदीप को मदद के लिए आवाज सुनाई दी। उसने देखा कि उसके पिता गहरे पानी में डूब रहे हैं। संदीप ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और राजकुमार को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसने पिता को प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे बाद राजकुमार को बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद रजगामार पुलिस ने अस्पताल मेमो के आधार पर मर्ग कायम किया है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।
नदी में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध के बावजूद उतर रहे लोग
बारिश के मौसम में जिले की नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से डूबने की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को उफनती नदियों और जलस्रोतों से दूर रहने की अपील की जा रही है। संबंधित विभाग द्वारा नदी-नालों में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पानी में उतर रहे हैं।
राजकुमार की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।











