कोरबा। जिले के चैतमा में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा पाली थाना क्षेत्र में डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ, जहां बाइक और अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा कार से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर
बाइक सवार गंभीर घायल के सिर में गहरी चोट आई है। प्राथमिक उपचार और एक्स-रे के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर श्वेता सोनी के अनुसार, घायल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था। उसके सिर में गंभीर चोट थी और वह ठीक से होश में नहीं था।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।











