कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच के बाद पुलिस ने मामले को हत्या का बताया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पैर में चाकू लगने से हुआ था गंभीर रक्तस्राव
जानकारी के अनुसार घटना के दिन अंकित शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने कमरे में चला गया। कमरे में उसकी पत्नी प्रिया भी मौजूद थी। कुछ देर बाद अंकित अचानक गिर पड़ा और उसके पैर में चाकू लग गया। चोट से काफी खून बहने लगा।
प्रिया की आवाज सुनकर अंकित का छोटा भाई आशीष और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। परिजन उसे एसईसीएल के विभागीय अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अंकित की मौत हो गई।
बीमारी के कारण बढ़ गया रक्तस्राव
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसमें खून का थक्का बनने में अधिक समय लगता था। इसके कारण पैर में चाकू लगने के बाद रक्तस्राव ज्यादा हुआ और उसका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव उसकी मौत का प्रमुख कारण बना।
घरेलू विवाद में चाकू मारने का आरोप
कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, जांच में सामने आया कि अंकित शराब पीने के बाद अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में प्रिया ने अंकित के पैर में चाकू मार दिया।
पुलिस के मुताबिक चोट लगने के बाद अंकित को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिसके कारण काफी रक्तस्राव हो गया और उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।











