Friday, August 14, 2026

CG Coal News: सोनाली दत्ता बनीं कोयला मजदूर सभा की केंद्रीय महिला समिति की चेयरपर्सन, महिला कर्मचारियों के हितों पर करेंगी काम

बिलासपुर। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने महिला कर्मचारियों से जुड़े विषयों, महिला कल्याण और जागरूकता गतिविधियों को गति देने के लिए श्रीमती सोनाली दत्ता को केंद्रीय महिला समिति की नई चेयरपर्सन नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 14 अगस्त 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, सोनाली दत्ता एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में क्लर्क, ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें केंद्रीय महिला समिति के सुचारु संचालन, महिला कर्मचारियों से संबंधित विषयों के समन्वय और जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

क्षेत्रीय महिला समितियों के गठन की भी जिम्मेदारी

नवनियुक्त चेयरपर्सन सोनाली दत्ता को केंद्रीय महिला समिति के गठन के लिए आवश्यक अनुशंसा करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में क्षेत्रीय महिला समितियों के गठन और उनके कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।

वे समिति की निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप गतिविधियों को संचालित कराने के साथ समय-समय पर आवश्यक बैठकों का आयोजन भी करेंगी। इसके अलावा महिला समितियों की गतिविधियों की नियमित रिपोर्ट तैयार कर कोयला मजदूर सभा के समक्ष अनुमोदन और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्तुत करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

नियुक्ति पत्र सौंपकर दी शुभकामनाएं

सोनाली दत्ता को नियुक्ति पत्र कोयला मजदूर सभा के केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष केदारनाथ अग्रवाल ने सौंपा। इस अवसर पर प्रभारी राकेश श्रीवास्तव और महामंत्री कोरबा एरिया सुरेंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे।

संगठन की ओर से उम्मीद जताई गई कि सोनाली दत्ता के नेतृत्व में केंद्रीय महिला समिति महिला कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ महिला कल्याण और जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएगी।