कोरबा। जिले में “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। डकैती में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
बलगी सबस्टेशन और खदानों में हुई थी डकैती
पुलिस के अनुसार, बाँकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान तथा दीपका खदान में पिछले दिनों डकैती की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में बाँकीमोंगरा और दीपका थाने में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनमें:
- राजपाल चौहान (22 वर्ष), निवासी जामनीमूड़ा, थाना पाली
- फिरोज मेमन (27 वर्ष), निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार
- निकेश कुमार कश्यप (21 वर्ष), निवासी शुक्लाखार, थाना बाँकीमोंगरा
- होरीलाल केवट (24 वर्ष), निवासी शांतिनगर, थाना कुसमुंडा
के अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
डकैती में इस्तेमाल बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











