कोरबा जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में लगातार बारिश के चलते पानी की आवक बढ़ गई है। सोमवार 17 अगस्त को बांध का जलस्तर 358.70 मीटर पहुंच गया है, जो कुल क्षमता का करीब 94.24 प्रतिशत है। पिछले 10 घंटे में जलस्तर में करीब 7 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।
जलाशय में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए बांध के 9 गेट खुले हुए हैं। वर्तमान में करीब 41,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अब पानी की निकासी और बढ़ाने की तैयारी है।
सुबह करीब 10 बजे बढ़ाया जाएगा डिस्चार्ज
मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में लगातार पानी की आवक को देखते हुए सुबह करीब 10 बजे गेटों से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जाएगी। इसके तहत अतिरिक्त 8,828 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी है।
इसके बाद बांध से कुल करीब 49,828 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जाएगा। बांध से पानी छोड़ने का सिलसिला 16 अगस्त की सुबह 8:45 बजे से लगातार जारी है।
रात से जारी है तेज बारिश
इलाके में बारिश का दौर भी लगातार जारी है। जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे से लगभग दो घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद सोमवार सुबह भी बारिश जारी रही। पिछले करीब 45 मिनट से लगातार तेज बारिश होने के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
बारिश और जलाशय में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
निचले इलाकों में अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की अपील
बांध से बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी का स्तर बढ़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और विशेष रूप से बच्चे एवं ग्रामीण नदी किनारे न जाएं। निचले इलाकों में रहने वाले लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान की ओर जाने के लिए तैयार रहें।











