कोरबा। वनमंडल कटघोरा के एतमानगर और केंदई रेंज में लगातार उत्पात मचाने वाला लोनर हाथी अब पसान रेंज पहुंच गया है। हाथी ने पसान क्षेत्र में पहुंचते ही जल्के-तनेरा इलाके में एक ग्रामीण के कच्चे मकान को ढहा दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि यह वही लोनर हाथी है, जो पिछले कुछ समय से एतमानगर और केंदई रेंज में ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। हाथी के अचानक पसान क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है।
अचानक बस्ती में घुसा हाथी
जानकारी के अनुसार, लोनर हाथी जल्के-तनेरा क्षेत्र में पहुंचा और एक ग्रामीण के कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाते हुए उसे ढहा दिया। हाथी के आने की भनक न तो ग्रामीणों को लगी और न ही वन विभाग की निगरानी टीम को समय रहते इसकी जानकारी हो सकी।
अचानक बस्ती में हाथी के पहुंचने और मकान ढहाने की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
लोनर हाथी के लगातार क्षेत्र बदलने और आबादी वाले इलाकों में पहुंचने के कारण वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी और समय रहते अलर्ट जारी किया जाना जरूरी है, ताकि ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर जा सकें।
फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को सतर्क करने में जुटी है। वन विभाग की ओर से लोगों को हाथी के करीब न जाने और उसके दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
लगातार उत्पात मचा रहा यह लोनर हाथी अब पसान क्षेत्र में पहुंच गया है, ऐसे में आने वाले दिनों में वन विभाग के सामने इसकी निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा बड़ी चुनौती बनी हुई है।










